प्रमोद कुमार
रायपुर, 13 फ़रवरी 2026

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के छोटे से गांव टेढाधौरा की होनहार बेटी कुमारी सुप्रिया ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित सीडीएस (Combined Defence Services) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुप्रिया ने पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
सुप्रिया की इस उपलब्धि पर प्रदेशभर में हर्ष का माहौल है। मंत्री ने बधाई संदेश जारी करते हुए कहा कि मुंगेली जिले की बेटी ने कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा के जज्बे से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सुप्रिया की सफलता से न केवल मुंगेली बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।
मंत्री ने अपने संदेश में कहा, “कुमारी सुप्रिया ठाकुर जी को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। सीडीएस जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर देश में चौथा रैंक प्राप्त करना अत्यंत गर्व की बात है। आपकी मेहनत, लगन और देशसेवा के प्रति समर्पण को नमन। मां महामाया से प्रार्थना है कि आप निरंतर प्रगति करें और देश का नाम रोशन करती रहें।”
सुप्रिया की इस सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सतत प्रयास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
प्रदेशवासियों ने सुप्रिया ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।





