प्रमोद कुमार
रायपुर | 16 फ़रवरी 2026

छत्तीसगढ़ सरकार का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसकी जानकारी वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और अगले दिन 24 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि ‘ज्ञान-गति’ थीम के बाद इस बार भी बजट नए थीम के साथ आएगा और इसका फोकस विजन 2047 पर रहेगा। बजट को महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर तैयार किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास कार्यों को गति मिले और जनहितकारी योजनाओं को और मजबूत किया जाए।
बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी।
राज्यपाल अपने संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की रूपरेखा पेश करेंगे। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय विवरण सदन में रखा जाएगा और विभिन्न विभागों के बजट पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, बजट 2026-27 में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर विशेष फोकस रहेगा। छोटे और मंझोले शहरों में खेल मैदान और रिंग रोड निर्माण के प्रावधान आ सकते हैं।
- नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी
- नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर की स्थापना
- दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम निर्माण
- दुर्ग की पहली बटालियन में बने इंडोर स्टेडियम के अधूरे कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपए का प्रावधान
- सारंगढ़ इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए बजट प्रावधान
इस बार बजट में गैर-जरूरी योजनाओं की राशि में कटौती की तैयारी है। प्रदेश के बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्रों में रिंग रोड निर्माण के लिए लगभग 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया जा सकता है।
साथ ही छूटे हुए जिलों में नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना, पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान योजना के लिए लगभग 2 हजार करोड़ रुपए तक के प्रावधान की चर्चा है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि बजट 2026 में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है और इसे समावेशी विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजर 24 फरवरी को पेश होने वाले बजट पर टिकी है।





