जांजगीर-चांपा जिला | शिवरीनारायण

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। इकलौते बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह गांव में पेड़ पर दोनों के शव एक साथ फंदे से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव का है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु के बाद से दोनों गहरे मानसिक आघात में थे और काफी परेशान रहते थे। शुरुआती जांच में इसी सदमे के कारण आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर दोनों के शव लटके देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव नीचे उतरवाए, पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।





