प्रमोद कुमार
रायपुर, 16 फरवरी 2026

प्रदेश में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में करीब 18.38 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं प्रारंभ पूजन किया।
ग्राम शिवनंदनपुर के हनुमान मंदिर परिसर में अधोसंरचना मद से 3.41 करोड़ रुपए के कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें प्रमुख रूप से —
- नकना तालाब घाट निर्माण
- फुटपाथ निर्माण
- अटल परिसर निर्माण
- आरसीसी नाली निर्माण
- बीटी रोड निर्माण
इन कार्यों से गांव स्तर पर बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के तहत करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से दो प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण होगा —
- भटगांव–अनरगवा मार्ग (6 किमी) – ₹8.78 करोड़
- पकनी–चेन्द्रा मार्ग (5.60 किमी) – ₹6.18 करोड़
सड़क बनने से आवागमन आसान होगा, व्यापार और शिक्षा गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
“उद्देश्य है विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाना।”
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





