प्रमोद कुमार
रायपुर, 17 फरवरी 2026

जिला अस्पताल बलौदा बाज़ार में नए जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ क़ादिर बेग की पदस्थापना से अस्पताल की सर्जिकल क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब हर्निया, हाइड्रोसिल, बवासीर, फिमोसिस, सेलुलाइटिस, ब्रेस्ट एब्सेस, फाइब्रोडेमा, लिम्फोमा, सेबेशियस सिस्ट जैसी गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि ये सभी ऑपरेशन निःशुल्क किए जा रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर मरीज आयुष्मान कार्ड का भी लाभ उठा सकते हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों को भोजन और नाश्ता भी उपलब्ध कराया जाता है।
सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि मरीज की स्थिति के अनुसार कुछ दिनों के लिए भर्ती किया जाता है और फिर छुट्टी दे दी जाती है। सर्जन की पदस्थापना के बाद अब तक 16 सफल ऑपरेशन संपन्न हो चुके हैं।
भाटापारा निवासी 45 वर्षीय अनिता, जिनका ऑपरेशन जिला अस्पताल में किया गया, उनके परिजनों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें अस्पताल भेजा गया और आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला। एक हफ्ते भर्ती रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और उनकी स्थिति अब पूरी तरह ठीक है।
इस पदस्थापना से बलौदाबाजार जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गंभीर बीमारियों के उपचार में तेजी आई है।





