प्रमोद कुमार
बलौदाबाजार, 18 फ़रवरी 2026

जिला मुख्यालय के पुराना बस स्टैंड स्थित एक्स्ट्राआर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘आगाज: एक नई शुरुआत’ रखी गई। इस अवसर पर कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर छात्रों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद कक्षा 9वीं के छात्रों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मनमोहक नृत्य, सुरीले गीतों और लघु नाटक के माध्यम से जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर्स के साथ बिताए पलों को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
विदाई समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर एंड मिस फेयरवेल’ प्रतियोगिता रही। छात्रों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और बुद्धिमत्ता के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। इस दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने स्कूल में बिताए अपने यादगार अनुभव साझा किए। शिक्षकों और दोस्तों से बिछड़ने की भावनाओं के चलते कई छात्रों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने अपने शिक्षकों का मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।
स्कूल के संचालक अभिषेक तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा,
“मंजिल दूर जरूर है, लेकिन चलते रहना हमारी फितरत में होना चाहिए। निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।”
टुकेश्वर वर्मा ने भी विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्या डॉ. एकता शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा,
“बोर्ड परीक्षा केवल एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। हमें गर्व है कि हमारे छात्र शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और संस्कारों में भी ‘Extraordinary’ हैं। आप जहां भी जाएं, स्कूल का नाम रोशन करें।”
उप प्राचार्य द्वारा सभी विद्यार्थियों को स्कूल की ओर से स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट किए गए।
कार्यक्रम के अंत में ‘डीजे फन’ और दोपहर के सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जहां सभी विद्यार्थियों ने साथ मिलकर यादगार पल साझा किए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इसमें रवि श्रीवास, यशवंत वैष्णव, आकांशा पांडेय, प्रिया शुक्ला, सपना तिवारी, काजोल ध्रुव, सुशील मनहरे और हरीश साहू का सहयोग सराहनीय रहा।
विदाई समारोह भावनाओं, उत्साह और नई उम्मीदों के साथ संपन्न हुआ।





