सासाराम, 19 फ़रवरी 2026| बिहार के सासाराम इलाके में तिलक समारोह के बाद 24 घंटे के भीतर पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतकों में दूल्हे का भाई और अलग-अलग गांवों के चार अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और अफवाहों का माहौल है।

बताया जा रहा है कि 14 फरवरी की रात भोजपुर जिले के तरारी गांव से तिलक कार्यक्रम मठिया गांव पहुंचा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग अपने घर लौट गए। दो दिन बाद एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद चार और लोगों की मौत की खबर सामने आई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समारोह के दौरान शराब सेवन हुआ था, जिसके बाद लोगों की हालत बिगड़ती चली गई। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रोहतास पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक हर एंगल से जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण बताया जाएगा।
मामले में उत्पाद विभाग की टीम भी गांव पहुंची। सहायक आयुक्त ने परिजनों के हवाले से दावा किया कि कुछ लोगों को कुत्ते ने काटा था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हुई।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बिना इस बयान पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। सभी शवों का अंतिम संस्कार पहले ही कर दिया गया है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। लोग मौत के असली कारण को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पारदर्शी होगी और जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें जांच में जुटी हुई हैं।





