प्रमोद कुमार
बलौदाबाजार, 22 फ़रवरी 2025

छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक, साथ ही सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में निकाली जा रही विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का ग्राम कोलिहा में भव्य स्वागत किया गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ पदयात्रियों का अभिनंदन किया।
यह सद्भाव पदयात्रा रायपुर से प्रारंभ होकर ग्रामीण अंचलों से गुजरते हुए पवित्र गिरौदपुरी धाम की ओर अग्रसर है। यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, आत्मिक जागरण और समाज में एकता का संदेश देना है।
पदयात्रा के चतुर्थ दिवस की शुरुआत पलारी स्थित सतनाम भवन से पूजा-अर्चना के साथ हुई। “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के नारों से वातावरण गूंज उठा। पलारी से अमेरा, कंजी, डोटोपार लाहौद होते हुए यात्रा आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह समाजजनों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और पंथी नृत्य ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
पदयात्रा की मूल भावना संत गुरु घासीदास बाबा के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” से जुड़ी है। समानता, भाईचारा और भेदभाव-मुक्त समाज की स्थापना ही इस यात्रा का प्रमुख लक्ष्य है।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह पदयात्रा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि समाज के कल्याण और आध्यात्मिक जागृति के लिए निकाली गई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कोलिहा में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, बजरंग दल जिला सहसंयोजक विजय साहू, प्रखंड अध्यक्ष दुलेश साहू एवं अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रामनामी अंगवस्त्र पहनाकर और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर गुरु खुशवंत साहेब का सम्मान किया।
जिला सेवा प्रमुख लक्ष्मेंद्र अग्रवाल, धर्म प्रसार प्रमुख विनय गुप्ता, बलोपासना प्रमुख रवि यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्राम संडी और घोटिया में भी पदयात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।
यह पदयात्रा अब गिरौदपुरी धाम की ओर अग्रसर है, जहां समरसता और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया जाएगा।





