प्रमोद कुमार
रायपुर, 25 फरवरी 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में केमिस्ट के पद पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 10 चयनितों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी भी मौजूद थे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि केमिस्टों की संख्या बढ़ने से जल परीक्षण प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली और मजबूत होगी और मैदानी स्तर पर जल गुणवत्ता की जांच में सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का लक्ष्य प्रदेशवासियों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से युवाओं में विश्वास और उत्साह बढ़ा है और उन्हें मेहनत और प्रतिभा का उचित प्रतिफल मिला है। नवनियुक्त केमिस्टों से उन्होंने उम्मीद जताई कि वे निष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का पालन करेंगे और विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जल गुणवत्ता की निगरानी में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं परिणाममुखी बनाया जाएगा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी ने बताया कि विभाग में 12 केमिस्ट पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की गई थी। दस्तावेज परीक्षण में 11 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, जबकि एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा। चयनित 11 अभ्यर्थियों में 2 महिला और 9 पुरुष शामिल हैं।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता: प्रदेश में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करना, तकनीकी दक्षता बढ़ाना और विभागीय कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाना।





