प्रमोद कुमार
रायपुर, 25 फरवरी 2026। प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा में सदस्यों अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक के ध्यानाकर्षण के जवाब में बताया कि शासन एनडीपीएस एक्ट के तहत पहली बार 145 प्रकरणों पर कार्रवाई कर चुका है।

उन्होंने बताया कि चरस, गांजा, ब्राउन शुगर, हेरोईन, अफीम, डोडा, नशीली गोलियां और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पिट्स एनडीपीएस एक्ट को क्रियाशील किया गया है। अपराधियों के वित्तीय स्रोतों को खत्म करने के लिए आरोपियों, सहयोगियों और सप्लायरों के खिलाफ वित्तीय जांच की जा रही है। वर्ष 2025 में 16 आरोपियों की 13.29 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
विगत चार महीनों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के 399 प्रकरण दर्ज किए गए और 679 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 6791 किलोग्राम गांजा, 484 ग्राम अफीम, 264.35 ग्राम हेरोईन, 16.56 ग्राम कोकीन, 23.84 ग्राम एमडीएमए, 512.880 किलोग्राम डोडा और 98,231 नग नशीली दवाइयां जब्त की गई हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिला रायपुर और दुर्ग में नशा सेवन के साधनों जैसे गोगो, स्मोकिंग कोन और रोलिंग पेपर की बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 18 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने रायपुर जिले के थाना खरोरा और रायगढ़ में बड़े अभियान का उदाहरण देते हुए बताया कि इन मामलों में आरोपियों की संपत्ति भी फ्रीज की गई।
शासन ने प्रदेश के सभी जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के लिए 100 नए पद स्वीकृत किए हैं और अवैध मादक पदार्थों की शिकायत हेतु टोल फ्री नंबर 1933 ‘मानस’ पोर्टल चालू किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में इसका परीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली को पुष्टि की।
विजय शर्मा ने कहा कि सरकार की ठोस और प्रभावी कार्रवाई से मादक पदार्थों की सप्लाई और डिमांड नेटवर्क तोड़ा जा रहा है। उन्होंने अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक का धन्यवाद ज्ञापित किया कि उन्होंने इस विषय को सदन में उठाया, जिससे अपराधियों को संदेश गया कि नशे के कारोबार पर सरकार पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
मुख्य बिंदु:
- 145 प्रकरणों में कार्रवाई और वित्तीय जांच।
- 679 आरोपियों की गिरफ्तारी, बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त।
- ‘मानस’ टोल फ्री नंबर 1933 से शिकायत की सुविधा।
- प्रदेश में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के लिए 100 नए पद।
- रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, बिलासपुर में विशेष अभियान।





