प्रमोद कुमार
बलौदाबाजार, 28 फ़रवरी 2026

Extraordinary Class World School में स्वास्थ्य और उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में Chanda Devi Tiwari Hospital के दंत चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही होली स्नेह मिलन समारोह भी संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध स्त्रीरोग विशेषज्ञ और चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल की संचालिका Geetika Shankar Tiwari उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
दंत परीक्षण के दौरान डॉ. आकांक्षा ग्रेवाल और डॉ. आकृति यादव ने बच्चों के दांतों की बारीकी से जांच की। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को दिन में दो बार ब्रश करने, मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन के बाद कुल्ला करने और नियमित दंत जांच कराने की महत्वपूर्ण सलाह दी।
एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय ने विद्यार्थियों को संयमित एवं सुरक्षित तरीके से होली मनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे स्वयं भी सुरक्षित होली खेलें और अपने परिवारजनों को भी सुरक्षित व खुशहाल होली मनाने के लिए प्रेरित करें।
डॉ. गीतिका शंकर तिवारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है।
दंत परीक्षण के पश्चात विद्यालय में होली उत्सव मनाया गया। बच्चों ने शिक्षकों और अतिथियों को गुलाल लगाकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान पूरा परिसर ‘होली है’ के उत्साह और बच्चों की किलकारियों से गूंज उठा।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. एकता शुक्ला ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ती है और वे अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़े रहते हैं।
शाला संचालक अभिषेक तिवारी ने कहा कि स्वस्थ काया ही सर्वांगीण विकास का प्रतीक है। वहीं संचालक टूकेश्वर वर्मा ने बच्चों को होली के महत्व से अवगत कराते हुए सुरक्षित होली खेलने की हिदायत दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





