कोरबा, 14 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी मौत से पहले एक लाइव वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को भेजा, जिसमें उसने पुलिस प्रताड़ना से परेशान होने की बात कही है।

मिली जानकारी के अनुसार युवक ने वीडियो में कहा कि उसे अपने परिवार से किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों द्वारा दी जा रही गालियों और प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। वीडियो भेजने के बाद युवक ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक द्वारा बनाए गए वीडियो सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





