कोरबा, 18 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की दीपका खदान में एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य गेट पर चक्का जाम कर दिया, जिससे खदान का काम पूरी तरह ठप हो गया।

मृतक की पहचान अण्डीकछार निवासी जुरखन जांगड़े (32) के रूप में हुई है। वह मंगलवार रात करीब 9:30 बजे सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी के लिए खदान पहुंचा था। इसी दौरान संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह से परिजनों और ड्राइवरों में भारी आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए गेट पर जाम लगा दिया। उनका कहना है कि कुछ बिचौलिए परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:
- मृतक परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा
- परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी
- मामले की निष्पक्ष जांच
- खदान में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
वहीं, सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।





