सतीश शर्मा
रायपुर, 19 मार्च 2026

राजधानी स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में हुए दर्दनाक सीवेज टैंक हादसे के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई टिकरापारा थाना पुलिस ने शासन की ओर से प्रार्थी बनकर की है।
मामला 17 मार्च का है, जब भाठागांव BSUP कॉलोनी के तीन श्रमिक—प्रशांत कुमार (32), अनमोल मचकन (25) और गोविंद सेंद्रे (35)—अस्पताल के सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे थे। सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि ठेकेदार किशन सोनी ने सफाई का ठेका लेने के बावजूद श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण—जैसे ऑक्सीजन मास्क, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा किट—उपलब्ध नहीं कराए। बिना किसी तकनीकी निगरानी के श्रमिकों को टैंक में उतार दिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल परिसर में देर रात तक प्रदर्शन किया। परिजनों के आक्रोश के बाद पुलिस ने ठेकेदार को जिम्मेदार मानते हुए मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर से सीवेज सफाई कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करता है, जिस पर अब प्रशासन की सख्ती बढ़ने की उम्मीद है।





