सतीश शर्मा
रायपुर, 19 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सशस्त्र बलों के वीरता पुरस्कार से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान उठा। गृह मंत्री विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरता पदक पाने वाले जवानों और अधिकारियों को एकमुश्त 20 लाख रुपए की सम्मान राशि दी जाती है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से ऐसे वीर जवानों को जीवनभर 20 हजार रुपए प्रति माह भत्ता भी प्रदान किया जाता है। यह जानकारी उन्होंने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के सवाल के जवाब में दी।
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस और सशस्त्र बलों के जवानों को राष्ट्रपति वीरता पदक या अन्य वीरता पुरस्कार मिलने पर भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित आर्थिक लाभ भी दिए जाते हैं। साथ ही, राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़ शौर्य पदक पाने वाले पुलिस कर्मियों को अलग से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र के अनुसार, छत्तीसगढ़ के स्थायी निवासी—चाहे वे केंद्रीय बलों, राज्य बलों या सेना में सेवारत हों—उन्हें वीरता के लिए मिलने वाले चक्र/मेडल के बदले अनुदान स्वरूप नगद राशि दी जाती है।
सरकार का कहना है कि यह व्यवस्था जवानों के मनोबल को बढ़ाने और उनके साहसिक कार्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से लागू की गई है।





