सतीश शर्मा
रायपुर, 21 मार्च 2026/छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर-धमतरी हाईवे पर माना क्षेत्र के पास देवपुरी में शनिवार सुबह सड़क मार्किंग कर रही एक जीप में अचानक जोरदार धमाका हो गया, जिसके बाद गाड़ी में भीषण आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूरों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने भी तेजी से गाड़ियां निकालकर खुद को सुरक्षित किया।
बताया जा रहा है कि सड़क पर लेन मार्किंग के काम में इस्तेमाल होने वाली इस जीप में एक भट्ठी जैसी मशीन लगी थी, जिसमें मार्किंग मटेरियल को पिघलाने के लिए सिलेंडर का उपयोग किया जाता है।
- मशीन में तापमान सैकड़ों डिग्री तक पहुंच गया था
- अधिक गर्मी के कारण चिंगारी उठी
- चिंगारी ने अचानक विस्फोट का रूप ले लिया
धमाके के बाद गाड़ी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने के साथ हालात को काबू में लिया।
फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद कई राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।



