सतीश शर्मा
रायपुर, 29 मार्च 2026। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम सारंगपुर में 8.10 करोड़ रुपए की लागत से छीरपानी जलाशय से जुड़ी राम्हेपुर वितरक नहर एवं उससे संबंधित माइनर नहरों के सीसी लाइनिंग कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र की 1540 एकड़ कृषि भूमि को नियमित सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

यह परियोजना लंबे समय से किसानों की मांग रही है, जिसके तहत नहरों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इससे पानी का रिसाव रुकेगा और अंतिम छोर तक पानी पहुंच सकेगा। योजना से 6 गांवों—मानिकपुर, सिल्हाटी, बघर्रा, सारंगपुर कला, सिंधनुपरी और राम्हेपुर कला—के 800 से अधिक किसान सीधे लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब और किसान केंद्रित योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। नहर लाइनिंग से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सारंगपुर गांव के विकास के लिए 41 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण और मुख्य चौक पर भव्य डोम बनाने की घोषणा भी की। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और स्वामित्व योजना जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी।
परियोजना के तहत कुल 13.65 किलोमीटर लंबी नहरों का जीर्णोद्धार और सीसी लाइनिंग कार्य किया जाएगा, जिससे सिंचाई क्षमता में 495 एकड़ की वृद्धि होगी। वर्तमान में जहां 1045 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई हो रही है, वहीं परियोजना पूर्ण होने पर यह बढ़कर 1540 एकड़ हो जाएगी।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



