कोरबा, 06 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को कथित तौर पर बाइक बेचने के आरोप में सरेआम नग्न कर बेरहमी से पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 30 मार्च 2026 के आसपास की बताई जा रही है। पीड़ित युवक अमरदास कावेरी विहार स्थित सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी घरों में काम करती है। बताया जा रहा है कि युवक शराब का आदी है और वह एक परिचित की बाइक लेकर शराब पीने गया था, लेकिन वापस बाइक नहीं लाया।
जब उससे बाइक के बारे में पूछा गया तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसे कपड़े उतरवाकर सड़क पर दौड़ाया और बेरहमी से पीटा। वायरल वीडियो में युवक के सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है, वहीं मौके पर मौजूद लोग उससे सवाल-जवाब करते नजर आ रहे हैं।
कुछ लोग घटना के दौरान डायल 112 पर कॉल करने की बात भी करते दिखे, लेकिन तब तक युवक के साथ मारपीट जारी रही।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि इस मामले में मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



