मीडिया 24 डेस्क
बिलासपुर | 16 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। व्यापार विहार स्थित मालधक्का क्षेत्र में चल रहे इस अवैध कारोबार पर दिल्ली की आईटीसी टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपए मूल्य की नकली सिगरेट जब्त की है। मामले में एक थोक व्यापारी को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली स्थित आईटीसी कंपनी को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बिलासपुर शहर में उनकी ब्रांडेड सिगरेट की नकली सप्लाई की जा रही है। इसी आधार पर कंपनी की टीम बुधवार को बिलासपुर पहुंची और पहले पान-ठेलों व दुकानों से सैंपल लेकर जांच की। जांच में कई दुकानों में बिक रही सिगरेट नकली पाई गई।
इसके बाद टीम ने रणनीति बनाते हुए ग्राहक बनकर सप्लायर से संपर्क किया। उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास बुलाया गया, जहां थोक व्यापारी रोशन चंदानी की फर्म में सिगरेट की सप्लाई की जानकारी दी गई।
टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां रखे माल की जांच की गई। पैकेट, होलोग्राम, कोड और स्टिक के मिलान में पूरा माल नकली पाया गया। इसके बाद टीम ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर इसकी सूचना दी, जहां जब्त माल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध कारोबार का नेटवर्क शहर के छोटे-बड़े दुकानदारों तक फैला हुआ था और रोजाना लगभग 2 लाख रुपए से अधिक का कारोबार किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



