महासमुंद, 21 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बागबहरा परिक्षेत्र के आमाकोनी सर्किल और तमोरा बीट क्षेत्र में आरक्षित वन भूमि पर कब्जा करने और पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में कुल 52 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम तमोरा के कुछ लोगों द्वारा लगभग 94 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। आरोप है कि इस दौरान हरे-भरे और मूल्यवान वृक्षों की बड़े पैमाने पर कटाई की गई तथा कृषि उपयोग के लिए भूमि पर अनधिकृत रूप से खुदाई और जुताई की गई।
इसके अलावा वन भूमि की सीमा निर्धारित करने वाले सीमेंट-कंक्रीट के मुनारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे वन विभाग की संरक्षित सीमा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा।
वन विभाग ने इस पूरे मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की विभिन्न धाराओं और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1984 के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान 12 महिलाओं और 40 पुरुषों सहित कुल 52 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मुख्य वन संरक्षक ने कहा कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बताया गया है कि आरोपी लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त थे और पहले भी उनके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी इनके खिलाफ विरोध जताया जाता रहा है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



