सतीश शर्मा
रायपुर, 12 मई 2026

छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 13 मई से राज्य में अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के बावजूद गर्मी से खास राहत मिलने की संभावना कम है। आने वाले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे अधिक था। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में आज मौसम सामान्यतः साफ रहने की संभावना है, हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।




