सतीश शर्मा
रायपुर, 23 मई 2026

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को रायपुर के 22 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। प्रशासन का कहना है कि इससे फर्जी अभ्यर्थियों और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंकाओं पर रोक लगेगी। जिले में कुल 8 हजार 449 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जाएगी और हर केंद्र में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों में जैमर लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक संचार या नकल की संभावना खत्म की जा सके। यह निर्णय कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। एक समय में दो अभ्यर्थियों को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं परीक्षा समाप्त होने के अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों को इन नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के मुताबिक पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।
परीक्षा हॉल में केवल काले रंग की बॉल पेन, ई-एडमिट कार्ड, फोटोयुक्त पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल वॉच, बैग, पर्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
कलेक्टर ने सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्था रोकने के निर्देश भी दिए हैं। गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय से किया जाएगा और परीक्षा के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रखेगी।
फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को स्कैनर या कैमरे के सामने खड़ा होना होगा। सिस्टम लाइव फोटो कैप्चर कर आवेदन फॉर्म में अपलोड तस्वीर से उसका मिलान करेगा। पूरी प्रक्रिया में करीब 8 से 10 सेकंड का समय लगेगा। चेहरा सफलतापूर्वक मैच होने के बाद ही परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को फेस ऑथेंटिकेशन के दौरान चेहरा साफ रखने, कैमरे की ओर सीधे देखने और एडमिट कार्ड के साथ मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाने की सलाह दी है।



