रायगढ़, 9 जून 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने नकली शराब के बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनागर में की गई छापेमार कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब, नकली होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। मामले में करोड़ों रुपये के आबकारी राजस्व नुकसान और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। आरोपी झारखंड और ओडिशा से शराब लाकर उसे विभिन्न कंपनियों की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलों में भरता था। इसके बाद बोतलों पर नकली होलोग्राम और सील लगाकर उन्हें असली शराब के रूप में बाजार में बेचा जाता था।
गाय के कोठे से मिला नकली शराब का जखीरा
तलाशी के दौरान आरोपी के घर परिसर स्थित गाय रखने वाले कोठे से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस को मौके से रॉयल स्टेज, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बियर जैसी ब्रांडेड पैकेजिंग में शराब मिली। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह शराब नकली और मिलावटी थी।
रेड लेबल चायपत्ती और स्प्रिट से बढ़ाते थे मात्रा
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब खरीदता था। शराब में स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाने के साथ रंग और स्वाद बनाए रखने के लिए रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग किया जाता था। पुरानी बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर दोबारा पैकिंग की जाती थी।
240 लीटर नकली शराब जब्त
संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान 869 नग विभिन्न पैमानों की करीब 240 लीटर नकली शराब, शराब के ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली और खाली बोतलें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार से करीब 2.16 लाख रुपये का मुनाफा होने की जानकारी मिली है।
कोरोना काल से चला रहा था धंधा
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कोरोना काल से चोरी-छिपे इस कारोबार को संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फरार आरोपियों सुभाष पटेल और विनय सिंह की तलाश शुरू कर दी है।
एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। पूरे नेटवर्क की पहचान कर इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ करने वाले संगठित गिरोहों पर ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



