सतीश शर्मा
रायपुर, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाते हुए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।

राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक पांच बार बिजली दरों में वृद्धि की जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं पर लगातार अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
कांग्रेस ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कई गुना अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। पार्टी के अनुसार जून महीने में 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को सामान्य से अधिक बिल प्राप्त हुए हैं।
दीपक बैज ने आंदोलन की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 17 जून को प्रदेशभर में बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। वहीं 18 जून को सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता कर बिजली दर वृद्धि के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए खपत बढ़ाकर दिखाया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए राज्य सरकार से स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने की मांग की है।
अब देखना होगा कि बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर शुरू हुआ यह आंदोलन प्रदेश की राजनीति में कितना असर डालता है।




