कवर्धा, 5 नवंबर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अवैध धान भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कवर्धा जिले के पंडरिया में दो व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया है।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग, कृषि उपज मंडी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (सीसीबी) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। एक ही दिन में अवैध धान भंडारण के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।

खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में पहुंची संयुक्त टीम ने व्यापारी वासु ठाकुर के यहां जांच के दौरान 50 बोरी अवैध धान जब्त किया। वहीं, व्यापारी सुशील गुप्ता के यहां जांच में 15 क्विंटल अवैध धान पाया गया। दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए।

धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन अलर्ट
प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध रूप से धान का भंडारण एवं कारोबार करने वालों पर नजर रखने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से निगरानी रखने और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।


