रायगढ़, 19 जून 2026। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। घने जंगल में रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम का सामना एक विशाल अजगर से भी हुआ, लेकिन जवानों ने साहस दिखाते हुए अभियान जारी रखा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गुरुवार रात ग्राम कमरगा के जंगल में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गायों, बछियों और बछड़ों को जंगल के रास्ते ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से जंगल में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

अंधेरे और दुर्गम रास्तों के बीच पुलिस ने 20 गौवंशों को बरामद किया। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद मवेशियों के संबंध में कोई दावा सामने नहीं आने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी गौवंशों को जब्त कर सलखिया गौशाला के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




