26 Sep 2026, Sat
Breaking

15 दिन, 15,047 ऑटो-ई-रिक्शा और World Record: रायपुर पुलिस के QR अभियान की पूरे देश में चर्चा

सतीश शर्मा

रायपुर, 27 जून 2026

रायपुर जिला सार्वजनिक परिवहन वाहनों का डिजिटल पंजीकरण करने वाला देश का पहला जिला बन गया है। सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत महज 15 दिनों में 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा का पंजीकरण किया गया। इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।

शनिवार को रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने कालीबाड़ी स्थित ट्रैफिक कार्यालय परिसर में इस अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस दौरान पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड स्टिकर लगाने की व्यवस्था शुरू की गई, जिससे शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित की जा सके।

अभियान का पहला चरण 20 मई 2026 से शुरू हुआ था। ऑटो यूनियनों, चालकों और ट्रैफिक पुलिस के समन्वित प्रयासों से अगले 15 दिनों में 15,047 वाहनों का सफल पंजीकरण पूरा किया गया।

अब सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री यात्रा शुरू करने से पहले या यात्रा के दौरान अपने स्मार्टफोन से इस क्यूआर कोड को स्कैन कर चालक की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ऑटो और ई-रिक्शा से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाना और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना है। यदि किसी यात्री का सामान वाहन में छूट जाता है तो वह क्यूआर कोड की फोटो सुरक्षित रखकर आसानी से वाहन मालिक या चालक से संपर्क कर सकेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए केवल क्यूआर कोड वाले वाहनों का ही उपयोग करें।

पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE: रायपुर के बाद जशपुर में रथयात्रा महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जानें पूरा कार्यक्रम...

अभियान के अगले चरण में चालकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे तथा उनके लिए निर्धारित ऑटो स्टैंड विकसित किए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि इससे यातायात अनुशासन बेहतर होगा और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

जागरूकता फिल्में भी हुईं जारी

इस अवसर पर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात जागरूकता, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर आधारित लघु फिल्में भी जारी कीं। इन फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, डिजिटल स्क्रीन, शॉपिंग मॉल और मल्टीप्लेक्स में किया जाएगा, ताकि लोगों में सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी (उत्तर) मयंक गुर्जर, डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल, डीसीपी (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, एडीसीपी (मुख्यालय) अर्चना झा तथा डीसीपी (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) विवेक शुक्ला उपस्थित रहे।

इसके अलावा एनएच एमएमआई नारायणा सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के सीईओ युवराज खेमका, विश्व गीता इस्पात लिमिटेड के सुधीर सुल्तानिया, हीरा इस्पात लिमिटेड के प्रकाश अग्रवाल, सागर टीएमटी के पंकज अग्रवाल, ऑटो यूनियन के कमल पांडे और नारायण सोनी सहित व्यवसाय और चिकित्सा क्षेत्र के कई प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार ने आभार व्यक्त किया।

Share

 

 

 

 

 

You Missed