11 Aug 2026, Tue
Breaking

AI वीडियो में Jesus को बताया हिंदू देवताओं का पिता: रायपुर में मचा बवाल, हिंदू संगठनों की शिकायत पर FIR दर्ज

सतीश शर्मा

रायपुर, 27 जून 2026

राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे AI जनरेटेड वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फेसबुक पर “From Heaven to Earth” नाम के पेज से अपलोड किए गए 50 से अधिक वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक और भ्रामक दावे किए गए हैं। इन वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है। मामले में हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

शिकायत के अनुसार, वायरल वीडियो में ईसा मसीह (Jesus Christ) को हिंदू देवी-देवताओं का “पिता” बताया गया है। वहीं भगवान शिव, भगवान विष्णु, भगवान राम और भगवान हनुमान से जुड़े ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं, जिन्हें हिंदू संगठनों ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। दावा किया गया कि ये वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से तैयार किए गए हैं।

 

 

बजरंग दल के अध्यक्ष रवि वाधवानी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इन वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया गया है और इस तरह की सामग्री पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

राम भक्त सेना के सदस्यों ने भी सिविल लाइन थाने में शिकायत देकर संबंधित फेसबुक पेज को हटाने और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठन के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वायरल वीडियो, फेसबुक पेज और उसके संचालकों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Share
पढ़ें   बस्तर की रेल परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, CM विष्णु देव साय की पहल से केंद्र ने बढ़ाया कदम: केदार कश्यप

 

 

 

 

 

You Missed