1 Jul 2026, Wed
Breaking

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह: पत्नी संग मिलकर प्रेमिका की हत्या की रची साजिश, 4 लाख में सुपारी देकर कराई हत्या, 9 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती, 01 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रेम संबंधों के विवाद ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को जन्म दिया। जोंगरा गांव में 26 जून को हुई महिला पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि महिला के प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और 4 लाख रुपये में सुपारी देकर शूटरों से उसकी हत्या करवा दी। मामले में पुलिस ने झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा चौहान का मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के साथ प्रेम संबंध था। समय के साथ यह संबंध विवाद का कारण बन गया। इसके बाद मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान ने मिलकर पूर्णिमा की हत्या की योजना बनाई। दोनों ने खुद वारदात को अंजाम देने के बजाय पेशेवर अपराधियों को सुपारी देकर हत्या कराने का फैसला किया।

 

 

जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के लिए 4 लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। साजिश के तहत 26 जून को दो शूटर पूर्णिमा के घर पहुंचे और घर में घुसकर उसे गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद सक्ती पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश हुआ और पुलिस ने झारखंड, महाराष्ट्र तथा छत्तीसगढ़ से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के कब्जे से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे, मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। अन्य आरोपियों से भी कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

पढ़ें   CG मौसम अलर्ट : अगले 5 दिन सरगुजा-बिलासपुर में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बाढ़ और वज्रपात का खतरा, रायपुर में दिनभर रुक-रुक कर होगी बारिश

सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed