5 Oct 2026, Mon

CG Job News: घर बैठे इंतजार छोड़िए! आज पहुंचिए प्लेसमेंट कैंप, टाटा मोटर्स समेत कई कंपनियों में भर्ती

सतीश शर्मा

रायपुर, 04 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए आज रोजगार पाने का शानदार अवसर है। राजनांदगांव और दुर्ग जिले में शनिवार को प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन कैंपों के माध्यम से निजी कंपनियों में 235 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।

राजनांदगांव में टाटा मोटर्स और डेल्फिंगन इंडिया में भर्ती

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) राजनांदगांव में सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

इस कैंप में शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, प्रशिक्षण सत्र 2022-24 और 2023-24 के प्रशिक्षणरत विद्यार्थी, साथ ही 12वीं और स्नातक पास महिला एवं पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

उम्मीदवारों को अपने साथ 10वीं, आईटीआई की अंकसूची, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा।

दुर्ग में 235 पदों पर रोजगार मेला

दुर्ग जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन के 200 पद और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के 35 पद, यानी कुल 235 रिक्त पदों पर भर्ती होगी।

इन पदों के लिए 8,000 रुपये से 20,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन निर्धारित किया गया है। 10वीं, 12वीं और किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।

ये दस्तावेज साथ रखें

  • मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र एवं अंकसूची
  • आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस/राशन कार्ड
  • रोजगार कार्यालय पंजीयन पत्र
  • छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • सभी दस्तावेजों की छायाप्रति
पढ़ें   नवा रायपुर में बनेगा विश्वस्तरीय मल्टिस्पेशियलिटी अस्पताल: मुंबई में सीएम साय से मिले शाल्वी हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर, छत्तीसगढ़ में हेल्थकेयर निवेश को लेकर जताई बड़ी रुचि

रोजगार से संबंधित विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप, रोजगार कार्यालय के सूचना पटल और संबंधित आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है।

Share