सतीश शर्मा
रायपुर, 07 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल बेचने का मामला सामने आया है। वाहन चालकों ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट होने के कारण कई गाड़ियां पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद बंद हो गईं, जबकि कुछ वाहनों के इंजन खराब होने और सीज होने तक की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद बड़ी संख्या में वाहन मालिक पेट्रोल पंप पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। लोगों ने पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि खराब ईंधन की वजह से उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई वाहन मालिकों ने अपने वाहनों की मरम्मत का खर्च भी पेट्रोल पंप प्रबंधन से दिलाने की मांग की।
मामले की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पेट्रोल के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पेट्रोल में वास्तव में पानी या किसी अन्य प्रकार की मिलावट थी या नहीं।
फिलहाल पेट्रोल पंप पर लोगों का आक्रोश बना हुआ है। प्रभावित वाहन चालकों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिन लोगों की गाड़ियां खराब हुई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच का भरोसा दिलाया है।




