5 Oct 2026, Mon

CG में आज भी बरसेंगे बादल: मध्य-उत्तर हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी, कल से कम होगी मानसून की रफ्तार

सतीश शर्मा

रायपुर, 07 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) का असर प्रदेश में लगातार देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटे में यह सिस्टम उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिसके प्रभाव से कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।

हालांकि विभाग का अनुमान है कि 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों और उसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश में 1 जून से 6 जुलाई तक कुल 213 मिमी (8.3 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 258.3 मिमी (10.1 इंच) है। इस तरह अब तक राज्य में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बावजूद इसके, मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ को अभी भी सामान्य वर्षा श्रेणी में रखा है।

रायपुर में दिनभर बादल, बारिश और तेज हवा के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पढ़ें   DIG से रिटायर होते ही मिली नई जिम्मेदारी: छत्तीसगढ़ शासन ने सेवानिवृत्त IPS कमलोचन कश्यप को पुलिस मुख्यालय में OSD बनाया, एक साल के लिए दी संविदा नियुक्ति

सबसे ज्यादा और सबसे कम तापमान

सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share