कोरबा, 07 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एक SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार देर शाम युवक का शव नदी से बरामद किया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुभांशु ध्रुव (24) निवासी कोरबा के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीच रास्ते से सुभांशु वापस लौटने लगा, लेकिन अचानक गहरे पानी में पहुंचने के कारण वह डूब गया।

घटना के बाद साथ मौजूद दोस्तों और आसपास के ग्रामीणों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद श्यांग पुलिस और लेमरू थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना की टीम के साथ तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरे दिन चली कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुभांशु ध्रुव के पिता का चार वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई वर्षों से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




