5 Oct 2026, Mon

उफनते नाले में समाई बिजली विभाग की पिकअप: 3 कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान, एक लापता; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सतीश शर्मा

बलौदाबाजार, 07 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए निकले बिजली विभाग के कर्मचारियों की पिकअप उफनते नाले में बह गई। हादसे में वाहन में सवार तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी तेज बहाव में लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे की है। बिजली विभाग की टीम अचानकपुर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए जा रही थी। रास्ते में खोरसी नाला उफान पर था। इसके बावजूद पिकअप चालक ने पुल पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप पुल से बहकर करीब 800 मीटर दूर तक चली गई।

हादसे के दौरान वाहन में मौजूद तीन कर्मचारी किसी तरह बाहर निकलकर तैरते हुए सुरक्षित किनारे पहुंच गए। वहीं एक कर्मचारी के वाहन में फंसे रहने या बह जाने की आशंका है। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लापता कर्मचारी की तलाश के लिए नाले और आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE : मुख्यमंत्री आज महानदी भवन में करेंगे महत्वपूर्ण बैठक, योजनाओं की समीक्षा के बाद रायपुर निवास लौटेंगे, प्रशासनिक तैयारियां तेज, जानें पूरा कार्यक्रम...

इस दौरान पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम के साथ बचाव अभियान में सहयोग करते हुए रस्सी खींचने सहित अन्य कार्यों में मदद की।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। फिलहाल पूरे इलाके में लापता कर्मचारी की तलाश जारी है।

Share