रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में शादी का सीजन शुरू होने के साथ ही रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। एक ओर नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए सिर्फ 11 शुभ मुहूर्त हैं, वहीं दूसरी ओर रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में 52 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इससे शादी समारोह में शामिल होने के लिए दूसरे शहरों से आने-जाने वाले बारातियों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ सकती है।
रेलवे के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इसके चलते 26 नवंबर से 17 दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में 52 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई गाड़ियों के मार्ग बदले जाएंगे और कुछ ट्रेनें बीच के स्टेशनों पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेंगी।

नवंबर में चार और दिसंबर में सात शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, नवंबर में विवाह के लिए 21, 24, 25 और 26 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं। वहीं दिसंबर के पहले पखवाड़े में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को शादियां होंगी। इसके बाद 16 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। इस दौरान मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।
शुभ मुहूर्तों की संख्या कम होने के कारण इन तारीखों में प्रदेशभर में बड़ी संख्या में शादियां होने की संभावना है। ऐसे में रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द किए जाने का फैसला शादी वाले परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
कई प्रमुख रेल मार्ग होंगे प्रभावित
रेलवे के इस फैसले का असर हावड़ा, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे प्रमुख रेल मार्गों पर पड़ेगा। प्रभावित ट्रेनों में टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, हावड़ा-पुणे दुरंतो, छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, सांतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, हटिया-पुणे एक्सप्रेस और हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस सहित कुल 52 ट्रेनें शामिल हैं।
महीनों पहले टिकट कराने वाले परिवार परेशान
शादी समारोहों को ध्यान में रखते हुए कई परिवारों ने महीनों पहले ही ट्रेनों में रिजर्वेशन करा लिया था। अब ट्रेनों के रद्द होने और रूट बदलने की सूचना से उनकी चिंता बढ़ गई है। खासकर दूसरे राज्यों और दूरदराज के शहरों से आने वाले रिश्तेदारों को यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
ऐसे में यात्रियों के पास बस और निजी वाहनों से सफर करने का विकल्प बच सकता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को ज्यादा परेशानी हो सकती है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और संशोधित समय-सारणी की जानकारी जरूर जांच लें। पुराने टिकट और समय-सारणी के भरोसे स्टेशन पहुंचने से बचें।


