18 Nov 2026, Wed

मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर: सरेंडर से किया इनकार, बोला- अल्लाह से मिलना है; सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में किया ढेर

कुलगाम, 18  नवंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को एनकाउंटर में मार गिराया। वह CRPF की पोस्ट पर फायरिंग करने के बाद फरार था और देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। बुधवार को सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया और मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

एनकाउंटर से पहले सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए लतीफ को सरेंडर करने के लिए समझाने की कोशिश की। एक पुलिस अधिकारी ने उससे कहा कि हम तुम्हारे साथ हैं, अभी जिंदगी बाकी है। इस पर लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। मैं बहुत खुश हूं, सरेंडर नहीं करूंगा।’

CRPF पोस्ट पर फायरिंग में घायल हुए थे 3 जवान

सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने अपने साथी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान स्थित CRPF पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आतंकी फरार हो गए थे।

16 नवंबर को पुलिस ने अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को घेर लिया था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भागने में कामयाब रहा। हालांकि, उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

दो दिन बाद जानकारी मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर उसे मार गिराया।

15 लाख रुपए का इनामी था लतीफ

22 वर्षीय लतीफ भट पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वह कुलगाम के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का रहने वाला था। वर्ष 2025 की शुरुआत में वह घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पढ़ें   CG के बालोद में युवक ने शादी नहीं होने पर गुस्से में शिवलिंग तोड़कर तालाब में फेंका : गांव में तनाव, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

बाद में पाकिस्तान में बैठे आतंकी ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन TRF में भर्ती किया था। लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय सरकारी डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा।

बताया जाता है कि उमर निसार डार ने लतीफ को करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने CRPF पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।

6 महीने में लश्कर के 4 कमांडर ढेर

पिछले छह महीनों में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर मारे जा चुके हैं। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।

जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया था। वहीं यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया था।

अमित शाह ने सुरक्षाबलों को दी बधाई

लतीफ भट के मारे जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।

वहीं CRPF प्रमुख ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुरक्षाबलों को बधाई दी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *