सरगुजा, 18 नवंबर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में अब तक 19 ग्रामीणों की जान ले चुके कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने के लिए वन विभाग का अभियान छठे दिन भी जारी है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में हाथी के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला है। वह अब 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है और पिछले छह दिनों से जंगल से बाहर नहीं निकला है।
रामगढ़ की पहाड़ी के जंगल में पहुंचा हाथियों का झुंड

हाथियों का दल उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के बीच के जंगल से वापस रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में पहुंच गया है। मंगलवार को वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने कबरा हाथी को झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने के कई प्रयास किए, लेकिन अनुकूल स्थिति नहीं मिलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

इस अभियान में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों और अत्याधुनिक ड्रोन की मदद ली जा रही है। बुधवार सुबह से ही वन विभाग की टीम हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है। वन्यजीव विशेषज्ञ कुमकी हाथियों पर सवार होकर जंगल में अभियान चला रहे हैं।
पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेंकुलाइज करना चुनौती
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती पहाड़ी क्षेत्र में हाथी को ट्रेंकुलाइज करना है। इसलिए टीम इंतजार कर रही है कि हाथियों का दल मैदानी इलाके की ओर आए और कबरा हाथी झुंड से अलग हो जाए। ऐसी स्थिति बनने पर उसे बेहोश कर कॉलर आईडी लगाने की कोशिश की जाएगी। ड्रोन कैमरों के जरिए हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जल्दबाजी नहीं, हाथियों और इंसानों की सुरक्षा प्राथमिकता
सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि अभियान शुरू होने के बाद कबरा हाथी झुंड में शामिल हो गया है और जंगल से बाहर नहीं निकल रहा है। यह अच्छी बात है, क्योंकि इससे हाथियों के साथ-साथ इंसानों की सुरक्षा भी बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि इस तरह के ऑपरेशन की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं होती। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी हाथी को नुकसान न पहुंचे और वन विभाग की टीम के सदस्य भी सुरक्षित रहें।
डॉ. मिश्रा के मुताबिक, कबरा हाथी के व्यवहार में बदलाव जरूर नजर आ रहा है, लेकिन ड्रोन कैमरों से मिली तस्वीरों में वह झुंड के दूसरे हाथियों को अभी भी परेशान करता दिखाई दिया है। वन विभाग की टीम उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने के प्रयास में लगातार जुटी हुई है।


