23 Aug 2026, Sun
Breaking

कोरबा में ट्रेलर का खूनी कहर: 6 मवेशियों को कुचलकर भागा ड्राइवर, ग्रामीणों के गुस्से के आगे नहीं बच पाया

कोरबा, 09 जुलाई 2026

जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने 6 मवेशियों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हादसा कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेलर तेज गति से कुदुरमाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड को चालक समय रहते नहीं देख सका। देखते ही देखते ट्रेलर मवेशियों के बीच घुस गया और कई पशुओं को कुचलता हुआ निकल गया।

 

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 6 मवेशियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। चालक भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और उरगा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत मवेशियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल पशुओं का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पढ़ें   जन्मदिन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को दी शुभकामनाएं, कहा- आपका नेतृत्व पूरे देश के लिए प्रेरणास्त्रोत

 

Share

 

 

 

 

 

You Missed