16 Oct 2026, Fri
Breaking

रेलवे ट्रैक पर छोड़ा JCB बकेट, बेपटरी हुई मालगाड़ी: 10 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार

बिलासपुर, 15 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य आरोपी निजी ठेकेदार पवन नायक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

घटना 13 जुलाई को दोपहर करीब 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 की लाइन नंबर-3 पर हुई थी। इस दौरान एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारियों को डिब्बों के नीचे JCB मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि 5 से 6 मजदूर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारे गए JCB बकेट को प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से मालगाड़ी आती देख मजदूर भारी बकेट को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर भाग गए। ट्रैक पर पड़े बकेट से टकराने के कारण मालगाड़ी के कई डिब्बे बेपटरी हो गए और बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया।

RPF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कमलेश टेकाम उर्फ मुन्ना (25), नरहर सिंह उर्फ पिंटू (35), देवा सिंह (38), बुद्धू सिंह (49), छत्रपति मरावी (32), लोकेश मांडवी (19), अनुराग मरावी (31), अभिषेक यादव (21), मोहम्मद शमीर (24), जिसने JCB बकेट मंगवाया था, तथा कोच अटेंडेंट अमित यादव (23) को गिरफ्तार किया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार मुख्य आरोपी पवन नायक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Share
पढ़ें   CG के बहुचर्चित कथित सेक्स सीडी कांड की सुनवाई: रायपुर कोर्ट में पेश हुए भूपेश बघेल और अन्य आरोपी, अगली तारीख 4 मार्च तय

 

 

 

 

 

You Missed