अंबिकापुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की उठाईगिरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश ज्वेलरी शॉप संचालक का जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग रखा। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक बैग लेकर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की दुकान सीतापुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर हाई स्कूल के पास स्थित है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।





