रायगढ़, 29 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार को एक स्टील प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग (उबाल) होने से चार श्रमिक झुलस गए। इनमें दो श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रोज़ की तरह श्रमिक प्लांट में काम कर रहे थे। इसी दौरान इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग होने से वहां मौजूद प्रमोद सोनी, चौखर सिंह, शनि सिंह और गुड्डू इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में श्रमिक मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे हैं और उनका इलाज जारी है, जबकि अन्य दो की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग होने के कारण चार श्रमिक झुलस गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





