18 Sep 2026, Fri
Breaking

छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगा मानसून का जोर, 3 दिन बारिश की चेतावनी: कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने का खतरा

रायपुर, 04 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अगस्त से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में भी कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 5 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। इस दौरान अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा और कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है।

राज्य में सोमवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगस्त की बारिश किसानों के लिए अहम

विशेषज्ञों के अनुसार जुलाई के अंत तक प्रदेश में मानसून लगभग सामान्य स्थिति में पहुंच चुका है। यदि अगस्त में भी अच्छी बारिश होती है तो धान सहित खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा। मौसम विभाग ने मध्य भारत में सामान्य से बेहतर बारिश के संकेत दिए हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में भी अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई जा रही है।

पढ़ें   120% मुनाफे वाली एलआईसी पर विदेशी वार : वॉशिंगटन पोस्ट के आरोपों के बीच भारतीयों का दमदार जवाब- भरोसा नहीं डगमगाएगा, यह हमारे भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है!

अब तक सामान्य से 5% कम बारिश

1 जून से 2 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में 566.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 594.6 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक कुल 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन इसे अभी भी सामान्य श्रेणी में रखा गया है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश

अब तक नारायणपुर में सबसे अधिक 997.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 61% अधिक है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, रायपुर और बलौदाबाजार में भी सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

इन जिलों में बारिश की सबसे ज्यादा कमी

दूसरी ओर सरगुजा (-53%), जशपुर (-48%), बेमेतरा (-40%), कांकेर (-24%), मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (-24%) और सूरजपुर (-21%) में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने इन जिलों को डेफिसिएंट श्रेणी में रखा है।

हालांकि राहत की बात यह है कि प्रदेश के 20 जिले अभी भी सामान्य वर्षा की श्रेणी में बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed