19 Sep 2026, Sat

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट: अगले 5 दिन बरसेंगे बादल, कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी; रायपुर-भिलाई में जलभराव, सरगुजा में महिला की मौत

 

रायपुर, 05 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मंगलवार को राजधानी रायपुर और भिलाई में हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रायपुर के विधानसभा क्षेत्र स्थित गैलेक्सी ग्रीन सोसायटी में सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं सरगुजा जिले के जजगा गांव में खेत में रोपा लगा रही 37 वर्षीय कमला भगत की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। धमतरी में 27 जुलाई को महानदी में बहे मछुआरे गुलाल सोरी (36) का शव आठ दिन बाद बरामद किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन इसे अभी भी सामान्य श्रेणी में रखा गया है। पिछले 24 घंटे में भी अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश के आंकड़ों के मुताबिक नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, रायपुर और बलौदाबाजार में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। दूसरी ओर सरगुजा, जशपुर, बेमेतरा, कांकेर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सूरजपुर में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।

पढ़ें   दुर्ग में दर्दनाक घटना: बीमारी और कर्ज से टूटा परिवार, पहले पति ने दी फांसी लगाकर जान, फिर अस्पताल में पत्नी ने तोड़ा दम, दोनों बेटे हुए अनाथ

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगस्त का महीना खरीफ फसलों, खासकर धान की खेती के लिए सबसे अहम है। यदि इस महीने अच्छी बारिश होती है तो किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगस्त के दौरान सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, हालांकि एल नीनो के प्रभाव पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

Share