5 Aug 2026, Wed
Breaking

ढोल-नगाड़ों और तिलक से हुआ छात्रों का स्वागत : कलिंगा यूनिवर्सिटी के इंडक्शन प्रोग्राम में नए बैच को कराई गई कैंपस की पहली पहचान

रायपुर, 05 अगस्त 2026

कलिंगा विश्वविद्यालय में बुधवार को इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का आयोजन उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित छात्रों का आधिकारिक स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल, विभिन्न संकायों, विभागों और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराया गया। विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का स्वागत ढोल-नगाड़ों, तिलक और आरती के साथ किया गया, जिसके बाद उन्हें ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कुलपति प्रो. डॉ. आर. श्रीधर, महानिदेशक डॉ. बायजू जॉन, प्रति-कुलपति प्रो. डॉ. मोनिका सेठी शर्मा और कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का पॉटेड प्लांट भेंट कर सम्मान किया।

 

 

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. डॉ. आर. श्रीधर ने छात्रों से अनुशासन, नवाचार, अनुसंधान और नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रति-कुलपति प्रो. डॉ. मोनिका सेठी शर्मा ने प्रेरक उदाहरणों और स्टार्टअप की सफलता की कहानियों के माध्यम से छात्रों को करियर निर्माण और नवाचार के लिए प्रेरित किया।

कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने विश्वविद्यालय की 12 वर्षों की विकास यात्रा, भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं, उत्कृष्टता केंद्रों, अनुसंधान अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों, छात्र क्लबों, खेल गतिविधियों और कैंपस सहायता प्रणाली की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के एल्युमनाई टॉक सत्र में ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ धारक डॉ. अनिल प्रधान ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता के पांच प्रमुख स्तंभ—पहुँच, नामांकन, प्रतिधारण, उपलब्धि और समानता—पर प्रकाश डाला। वहीं बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा शिप्रा साहू ने नए विद्यार्थियों को शुरुआत से ही करियर प्लानिंग और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की सलाह दी।

पढ़ें   "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" थीम पर छत्तीसगढ़ में 2 से 15 अगस्त तक चलेगा महाअभियान : तिरंगा रैली से लेकर स्वच्छता संकल्प तक, हर गली-मोहल्ले में दिखेगा देशभक्ति का जज़्बा

इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न डीन, निदेशकों और विभागाध्यक्षों का परिचय भी छात्रों से कराया गया। लाइव बैंड और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्र कल्याण डीन लेफ्टिनेंट विभा चंद्राकर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। राष्ट्रगान और समूह फोटो के साथ इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का समापन हुआ।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed