25 Sep 2026, Fri
Breaking

मंडला में नर्मदा का रौद्र रूप: 8 फीट पानी से रामनगर पुल डूबा, कई रास्ते बंद; पुलिस-होमगार्ड और SDRF अलर्ट

मंडला, 10 अगस्त 2026

जिले में सावन के दौरान हो रही लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बीती रात से जारी झमाझम बारिश के चलते नर्मदा, बंजर और सुरपन समेत कई नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बनने से प्रमुख मार्गों के साथ ग्रामीण रास्तों पर भी आवागमन बाधित हुआ है।

मंडला-डिंडौरी और मंडला-कान्हा मार्ग प्रभावित
नदी-नालों में पानी बढ़ने के कारण मंडला-डिंडौरी मार्ग और मंडला से कान्हा जाने वाला रास्ता प्रभावित हुआ है। रामनगर में नर्मदा पुल पर करीब 8 फीट पानी होने से मार्ग पूरी तरह बंद रहा। वहीं बंजर नदी में बाढ़ के कारण कान्हा टाइगर रिजर्व जाने वाला मार्ग भी प्रभावित हुआ।

इन रास्तों पर आवागमन बंद
पादरी पटपरा से रामनगर मार्ग के पुल के ऊपर पानी बहने से रास्ता बंद है। घुघरी ब्लॉक में मलवाथर, पांडिकला, गुरबनी और छतरपुर नालों में बाढ़ के कारण आवागमन बाधित है। मंडला-डिंडौरी मार्ग के बीच मोहगांव में नाले के उफान पर आने से रास्ता बंद है।

पुलिस और SDRF अलर्ट मोड पर
नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस, होमगार्ड और SDRF की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने और जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की गई है।

9 अगस्त को 59.3 मिमी बारिश दर्ज
जिले में 9 अगस्त को औसतन 59.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंडला में 44.0, नैनपुर में 84.8, बिछिया में 56.4, निवास में 68.2, घुघरी में 31.1 और नारायणगंज में 71.7 मिमी वर्षा हुई।

पढ़ें   आज से UPI नियमों में बड़ा बदलाव: गूगल पे, फोनपे, पेटीएम यूजर्स सावधान, इनएक्टिव मोबाइल नंबरों को बैंक अकाउंट से हटाने का निर्देश

लगातार बारिश से जहां किसानों को खरीफ फसलों के लिए राहत मिली है, वहीं सिंगारपुर क्षेत्र में सब्जियों की खेती करने वाले कुछ किसानों के खेतों में पानी भर गया है। इससे सब्जी की फसल को नुकसान होने की आशंका है।

Share