17 Aug 2026, Mon

रायपुर का वहशी गिरफ्तार : साइकिल वाला ‘शिकारी’ गिरफ्तार! अकेली महिलाओं का पीछा, एक की हत्या तो दूसरी पर हमला

रायपुर, 17 अगस्त 2026। मुजगहन इलाके में महिला की हत्या और दूसरी महिला से मारपीट की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेली महिलाओं पर नजर रखता था, साइकिल से उनका पीछा करता और मौका मिलते ही उन्हें निशाना बनाता था।

पानी से भरे प्लॉट में मिला था महिला का शव
21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास पानी से भरे एक खाली प्लॉट में महिला का शव मिला था। महिला के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सैकड़ों CCTV फुटेज से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन पुलिस की 8 से अधिक टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पुराने अपराधियों की गतिविधियों की जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।

 

 

दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला का साइकिल से पीछा किया और उसे पकड़कर पानी के पास ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर तथा मुंह-नाक पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतिका का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।

5 अगस्त को दूसरी महिला को भी बनाया निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि 5 अगस्त को सेजबहार इलाके में आरोपी ने एक अन्य महिला के साथ मारपीट की और आपत्तिजनक हरकत करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक दोनों घटनाओं में आरोपी का तरीका काफी हद तक समान था।

पढ़ें   भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने पत्रकार वार्ता में कहा- जीएसटी सुधार से आमजन, किसान और व्यापारी को मिलेगा बड़ा लाभ, पीएम मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का जताया आभार<br><br>

पहले भी महिला संबंधी अपराध में जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी महिला संबंधी अपराध में जेल जा चुका है। मुजगहन थाने में वर्ष 2017 में दर्ज मामले में न्यायालय ने उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है।

मोबाइल, साइकिल और कपड़े जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल साइकिल और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *