2 Oct 2026, Fri

सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा: 500 CCTV से पकड़ा गया रूट, ओडिशा से 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

अंबिकापुर, 17 अगस्त 2026। सरगुजा जिले के सीतापुर में 26 जुलाई को दिनदहाड़े हुई करीब 1 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले में कार्रवाई करते हुए 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपितों की पहचान हुई है, जबकि घटना में कुल चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, सीतापुर के काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी 26 जुलाई को दुकान खोल रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे चार संदिग्ध उनका जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण थे।

500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपितों के भागने का रूट ट्रेस किया गया। उनका रास्ता सरगुजा के गेरसा से जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी और सिंगीबहार होते हुए झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और फिर ओडिशा के सुंदरगढ़ तक पहुंचा।

तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस के सहयोग से पुलिस ने दो आरोपितों की पहचान चांटी दास निवासी सोर्डा, जिला गंजाम और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम के रूप में की।

10 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल और सीतापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

16 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि चांटी दास अपने घर आया है। पुलिस ने थाना शोर्डा और थाना आश्का की टीम के साथ उसके घर पर दबिश दी। हालांकि आरोपित मौके पर नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान चोरी किए गए जेवर बरामद हो गए।

पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक में होंगे शामिल, जानें पूरा शेड्यूल...

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 43 लाख रुपये, और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, जब्त किए। इस तरह कुल 46 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ है।

एसएसपी राजेश अग्रवाल के अनुसार, मामले में चांटी दास और नागेश्वर राव समेत अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस अब बाकी आरोपितों को गिरफ्तार करने और चोरी किए गए शेष जेवर बरामद करने में जुटी है।

Share