18 Aug 2026, Tue
Breaking

23 अगस्त को शिवमय होगा रायपुर: 10 हजार कांवड़िये करेंगे बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक, देशभर के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

रायपुर, 18 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर 23 अगस्त को आस्था, अध्यात्म और शिवभक्ति के विराट आयोजन की साक्षी बनेगी। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में करीब 10 हजार शिवभक्त शामिल होंगे, जो कांवड़ लेकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।

कांवड़ यात्रा की शुरुआत 23 अगस्त को सुबह 9 बजे मारुति मंगलम, गुढ़ियारी से होगी। इससे पहले सुबह 8 बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य शिवाभिषेक किया जाएगा। पूजन के बाद शिवभक्त “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ कांवड़ लेकर महादेव घाट के लिए रवाना होंगे।

500 वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन की व्यवस्था के लिए करीब 500 वालंटियर तैनात किए जाएंगे। यात्रा संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। भाजपा रायपुर शहर जिला के साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ आयोजन में व्यापक सहभागिता निभाएंगे।

 

 

देशभर की धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण

इस बार कांवड़ यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों की धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी और महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम एवं विशाल नंदी, केरल का भारत नाट्यम और पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों की शिव परिवार प्रस्तुति, दुर्ग-भिलाई के धुमाल दल तथा रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम भी यात्रा में शामिल होगी।

पढ़ें   22 जनवरी 2025 राशिफल: जानें आज का भविष्यफल, किन राशियों को मिलेगा भाग्य का साथ, कौन से योग देंगे सफलता और किसके लिए दिन रहेगा चुनौतीपूर्ण!

शिव परिवार से लेकर बाहुबली हनुमान तक दिखेंगी झांकियां

कांवड़ यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल समेत कई धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राम-सीता दरबार, 11 घोड़े, 2 बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी यात्रा की भव्यता बढ़ाएंगी।

आठ साल से निकाली जा रही कांवड़ यात्रा

राजेश मूणत के नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों से लगातार इस विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर साल श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते यह आयोजन रायपुर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हो गया है।

मूणत ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि करीब 10 हजार शिवभक्त जब एक समान परिधान में कांवड़ लेकर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” का उद्घोष करेंगे, तो राजधानी का वातावरण शिवमय हो जाएगा।

कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण और रायपुर के विधायकगण के शामिल होने की जानकारी बैठक में दी गई।

भाजपा पदाधिकारियों ने तैयारियों को लेकर की बैठक

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर मीनल चौबे सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अब 23 अगस्त की सुबह मारुति मंगलम से निकलने वाली कांवड़ यात्रा में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ राजधानी रायपुर शिवभक्ति में डूबेगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed