4 Oct 2026, Sun

वंदे मातरम् पर कांग्रेस के फैसले से भड़के अरुण साव: बोले- तुष्टिकरण की राजनीति ने कांग्रेस को मुस्लिम लीग के रास्ते पर पहुंचाया

रायपुर, 20 अगस्त 2026। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में वंदे मातरम् के दो मिनट गायन का प्रस्ताव पारित होने के बाद छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि CWC में लाया गया प्रस्ताव देश के साथ धोखा है और कांग्रेस लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है।

अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है और CWC का प्रस्ताव उसकी राजनीति को प्रमाणित करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसके नेताओं की भाषा व कार्यशैली का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।

अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा अधिकारी से गाली-गलौच के वायरल वीडियो पर साव ने कहा कि लोकतंत्र में कानून हाथ में लेना बड़ा नैतिक अपराध है। अधिकारियों से इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट में ‘कुर्सी दंगल’ को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुर्सी की लड़ाई चल रही है, जबकि भाजपा में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भाजपा के नेता हैं और सरकार प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों को पूरा करने में जुटी है।

शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों पर ED की कार्रवाई को लेकर साव ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। वहीं गौठान के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार गौ धाम योजना पर तेजी से काम कर रही है।

पढ़ें   पीएम श्री विद्यालय कुम्हारी में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने टॉपर्स को किया सम्मानित, बोले- शिक्षा के साथ अभ्यर्थी बनना जरूरी

सोशल मीडिया पर अधिकारियों के GEN Z से जुड़ने के सवाल पर साव ने कहा कि यह सोशल मीडिया का दौर है। सरकारी विभागों की योजनाओं और कामकाज की जानकारी जनता तक समय पर पहुंचाने के लिए अधिकारियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना चाहिए।

Share