बलौदाबाजार, 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम टेहका निवासी योगेश साहू (23) ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) सीजन 18 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपए जीते। योगेश के सामने 1 करोड़ रुपए का सवाल आया, लेकिन उन्होंने जोखिम लेने के बजाय गेम क्विट कर 50 लाख रुपए की राशि अपने नाम कर ली।
योगेश साहू IIT बॉम्बे के टॉपर रह चुके हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और कैंपस प्लेसमेंट में उन्हें करीब 1.5 लाख रुपए प्रतिमाह की नौकरी मिली थी। हालांकि, IAS बनने के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी।

50 लाख के सवाल ने बढ़ाई मुश्किल
KBC के एपिसोड में योगेश से 50 लाख रुपए के सवाल में कुछ शहरों और वर्षों के आधार पर सही शहर पहचानने को कहा गया। विकल्पों में त्रिशूर, मैसूर, अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली शामिल थे।
योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया। मिले संकेत के बाद उन्होंने सवाल में दिए वर्षों को नोबेल पुरस्कार से जोड़कर सही उत्तर तिरुचिरापल्ली चुना। यह सीवी रमन का जन्मस्थान है। जवाब सही होने पर योगेश ने 50 लाख रुपए जीत लिए।
इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपए का सवाल आया। योगेश ने इस पड़ाव पर जोखिम नहीं लिया और गेम क्विट कर दिया।
IAS बनने के लिए छोड़ी लाखों की नौकरी
योगेश की शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार के जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर से हुई। आगे की पढ़ाई के लिए वे बिलासपुर गए। यहां कोचिंग सेंटर संचालक रोहन चावला ने उन्हें 11वीं और 12वीं की पढ़ाई मुफ्त कराई।
उनकी पढ़ाई में तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी सहयोग किया। IIT बॉम्बे में प्रवेश के दौरान मुख्यमंत्री और कलेक्टर की ओर से भी उन्हें आर्थिक सहायता मिली थी।
योगेश ने UPSC सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा पहले ही प्रयास में पास की है। फिलहाल वे मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। तैयारी पर पूरा ध्यान देने के लिए वे मोबाइल और सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए हुए हैं।
पिता महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल के ड्राइवर
योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। बेटे की KBC में सफलता के बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
मुंबई से लौटने के बाद भाटापारा रेलवे स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने योगेश का जोरदार स्वागत किया। लोगों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में IAS बनने के सपने के लिए शुभकामनाएं दीं।





